" लोकतंत्र टुडे "

सीबीगंज सड़क हादसा 2025: ट्रक-जेसीबी टक्कर में चालक इसरार अहमद फंसे, एमडीआरवी ने बचाई जान

Picture of Lok Tantra Today

Lok Tantra Today

FOLLOW US:

सीबीगंज सड़क हादसा 2025
बरेली। बुधवार सुबह सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-बरेली रोड पर एक भयानक सड़क हादसे में ट्रक और जेसीबी की जबरदस्त टक्कर से हड़कंप मच गया। हादसे में ट्रक चालक इसरार अहमद (50 वर्षीय) का स्टीयरिंग और सीट के बीच फंसकर उसकी जान आफत में पड़ गई। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हाल ही में प्राप्त अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल (एमडीआरवी) की मदद से उन्हें सुरक्षित बचा लिया।

हाफिजगंज निवासी इसरार अहमद दिल्ली से बरेली की ओर ट्रक चला रहे थे। अचानक ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने खड़ी जेसीबी से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक इसरार स्टीयरिंग और सीट के बीच फंस गए। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। इस बार राहत-बचाव के लिए विशेष रूप से एमडीआरवी का इस्तेमाल किया गया।

एमडीआरवी का कमाल

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि हाल ही में प्रयागराज कुंभ-2025 से बरेली फायर ब्रिगेड को अत्याधुनिक एमडीआरवी (मल्टी डिजास्टर रिसपॉन्स व्हीकल) प्राप्त हुआ है। यह वाहन 67 अत्याधुनिक बचाव उपकरणों से लैस है। इसमें हाइड्रोलिक कटर, मल्टी गैस टेस्टिंग डिवाइस, बैटरी चालित रेस्क्यू रैम, हाई-लिफ्ट जैक, प्राथमिक उपचार किट और उच्च क्षमता वाली रोशनी व्यवस्था शामिल है।

एमडीआरवी के इन उपकरणों की मदद से फायर ब्रिगेड टीम ने बड़ी सावधानी से स्टीयरिंग और सीट के बीच अतिरिक्त जगह बनाई। हाइड्रोलिक कटर और रेस्क्यू रैम से काम करते हुए करीब आधे घंटे के जटिल अभियान के बाद चालक इसरार अहमद को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
राहत के तुरंत बाद इसरार को एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

फायर ब्रिगेड की सराहना

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि एमडीआरवी न केवल सड़क हादसों में, बल्कि अग्निकांड, भवन गिरने, प्राकृतिक आपदाओं और पशु बचाव में भी अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इससे बचाव कार्य में समय की बचत और कार्य की दक्षता बढ़ी है।

Leave a Comment

और पढ़ें