बरेली। बरेली बवाल के बाद अब प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिला प्रशासन और बीडीए (Bareilly Development Authority) की टीम ने शनिवार को बवाल के आरोपियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। सबसे बड़ी कार्रवाई आरोपी डॉ. नफीस के जखीरा स्थित बरातघर “रज़ा पैलेस” पर हुई, जबकि मौलाना तौकीर रजा को शरण देने वाले फरहत के फाइक एन्कलेव स्थित मकान को सील कर दिया गया।

चार बुलडोजरों के साथ पहुंची बीडीए टीम
शनिवार दोपहर करीब एक बजे बीडीए की टीम चार बुलडोजरों और भारी पुलिस बल के साथ जखीरा पहुंची। इलाके को घेरने के बाद टीम ने सबसे पहले रज़ा पैलेस का गेट तोड़कर ध्वस्तीकरण शुरू किया। कुछ ही देर में पूरी इमारत का एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
पूर्व पीसीएस अधिकारी का नाम आया सामने
कार्रवाई के दौरान रज़ा पैलेस के बाहर लगी नेमप्लेट पर लिखा था — मुतवल्ली शोएब बेग और स्व. अथहर बेग (पूर्व पीसीएस अधिकारी)। यह देखकर प्रशासनिक टीम भी हैरान रह गई। अधिकारियों ने तत्काल संबंधित अभिलेखों की जांच शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- बरेली में मौलाना तौकीर रजा गिरफ्तार, इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद
फरहत का तीन मंजिला मकान सील
उधर, फाइक एन्कलेव में फरहत का तीन मंजिला मकान बीडीए ने सील कर दिया। इसी मकान में 26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा ने पनाह ली थी, और बवाल के बाद उन्हें यहीं से गिरफ्तार किया गया था। बीडीए ने 1 अक्टूबर को नोटिस जारी किया था, जिसमें तीन अक्तूबर तक मकान खाली करने की चेतावनी दी गई थी। शनिवार को तय समय के बाद टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
सैलानी और नौमहला मस्जिद क्षेत्र में भी बुलडोजर कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने सैलानी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, जबकि नौमहला मस्जिद के पास चार दुकानों को सील कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह सभी निर्माण बिना स्वीकृति और नियमों के खिलाफ थे।
पहले से सील है नफीस की मार्केट
बवाल के मुख्य आरोपी डॉ. नफीस और उनके बेटे को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। उनकी मार्केट को प्रशासन ने बवाल के बाद ही सील कर दिया था। अब रज़ा पैलेस पर कार्रवाई को “बरेली बुलडोजर एक्शन” का दूसरा चरण माना जा रहा है।
अगले चरण में और संपत्तियों पर गिरेगी गाज
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बवाल से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्तियों की सूची तैयार की जा रही है। बीडीए और पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। आने वाले दिनों में कई और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चल सकता है।











