बरेली। बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार को ऐसा नजारा हुआ कि लोग हैरान रह गए। मौलाना हैदर हुसैन दूसरी शादी करने बारात लेकर निकले, लेकिन उनकी पहली बीवी नर्गिस बेगम को भनक लगते ही वह भी बारात में पहुंच गई। जैसे ही नर्गिस ने विरोध किया, मौलाना, उसके पिता और बहनोई ने उस पर हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
एसएचओ अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौलाना, उसके बहनोई रफीक अहमद और पिता के खिलाफ धारा 85 और 115(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मौलाना का पहला निकाह 2 फरवरी 2025 को नर्गिस से हुआ था। कुछ समय बाद ही वह शादी से असंतुष्ट हो गया और दूसरी युवती से शादी करने बारात लेकर आया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना देखकर आसपास खड़े लोग भी दंग रह गए और वीडियो बनाने में लगे रहे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित महिला की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।











