बरेली। दीपावली का त्यौहार हो और उपहारों की चर्चा न हो, ऐसा भला कैसे हो सकता है! लेकिन इस बार बरेली में ‘उपहार’ किसी रिश्तेदार या दोस्त को नहीं, बल्कि ट्रैफिक विभाग को दिए जाने की खबर ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।

शहर में एक व्हाट्सएप स्टेटस तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एसपी ट्रैफिक, टीआई, और चार ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर्स को दीपावली पर गिफ्ट दिए जाने की बात लिखी गई है। यह स्टेटस प्रदीप मिश्रा नाम के व्यक्ति ने लगाया है।

व्हाट्सएप स्टेटस से मचा बवाल
सूत्रों के मुताबिक, प्रदीप मिश्रा ने अपने स्टेटस में लिखा कि दीपावली पर एसपी ट्रैफिक, टीआई मनीष शर्मा और आस्थान को उपहार दिए जाने हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी पोस्ट में चार ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर्स का भी जिक्र किया है, जिससे यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। स्टेटस वायरल होते ही बरेली के सोशल मीडिया ग्रुप्स में इसकी स्क्रीनशॉट तेजी से घूमने लगी।
लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर एक आम व्यक्ति ट्रैफिक विभाग के कई अधिकारियों को दीपावली पर गिफ्ट क्यों देगा?
कॉलेज से जुड़ा बताया जा रहा है प्रदीप मिश्रा का नाम
मामले में नाम सामने आने के बाद जानकारी मिली कि प्रदीप मिश्रा का संबंध सिद्धिविनायक इंजीनियरिंग कॉलेज से बताया जा रहा है। जब इस बारे में प्रदीप मिश्रा से बात की गई, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा “यह स्टेटस गलती से लग गया था, मेरा कोई गलत मकसद नहीं था।”
वहीं जब सिद्धिविनायक कॉलेज के मालिक अनुपम कपूर से इस मामले में पूछा गया, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। अनुपम कपूर ने कहा कि उनके कॉलेज में प्रदीप मिश्रा नाम का कोई व्यक्ति कार्यरत नहीं है।
ट्रैफिक विभाग में सन्नाटा
इस वायरल स्टेटस के बाद बरेली के ट्रैफिक विभाग में सन्नाटा छा गया है। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि वह कोई गिफ्ट नहीं लेते। शहर के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह चर्चा का सबसे गर्म मुद्दा बन चुका है। कुछ लोग इसे “पब्लिसिटी स्टंट” बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि यह “भ्रष्टाचार की नई परंपरा” की झलक है।










