बरेली। लोकसबा चुनाव के दो चरण का मतदान पूरा होने के बाद अब तीसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार जोर पकड़ चुका है। तीसरे चरण में जिन सीटों पर मतदान होना है उनमें बरेली भी है। बरेली में मुख्य मुकाबला भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार और समाजवादी पार्टी उम्मीदवार प्रवीण सिंह ऐरन के बीच है।
बरेली से सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस बीच उन्होंने दावा किया है कि बरेली के लोगों ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है। उनका कहना था कि जनता बरेली के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार को बेहतर बनाने के लिए इस बार उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएगी।
प्रवीण सिंह ऐरन ने शुक्रवार को भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में चुनावी जनसंपर्क किया। कहा कि इस बार बरेली में बदलाव होकर रहेगा। जनता भाजपा के झूठे वादों से छला हुआ महसूस कर रही है। महंगाई की मार से परेशान लोगों में सरकार के प्रति गुस्सा है।
इस दौरान भोजीपुरा के कई गांवों से कश्यप समाज के करीब दो सौ लोगों ने भाजपा और बसपा का साथ छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने इन लोगों को सपा में शामिल कराया।










