बरेली। जिले के फरीदपुर इलाके में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के पास खेत में काम कर रहे किसानों ने पेड़ से लटके युवक और किशोरी के शव देखे, तो उनकी चीख निकल गई। युवक और किशोरी के शव एक ही रस्सी से झूल रहे थे। कुछ ही मिनटों में यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर भीड़ जुट गई।
एक हफ्ते से थे लापता, दर्ज था अपहरण का केस
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, दोनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे। करीब एक हफ्ते पहले से दोनों गायब थे। किशोरी के परिजनों ने 27 सितंबर को युवक के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तब से दोनों की तलाश में जुटी थी लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। अब दोनों के शव एक साथ पेड़ से लटके मिलने के बाद गांव में दहशत और सवालों का माहौल है।
शवों की हालत देखकर पुलिस भी हैरान
सूचना मिलते ही फरीदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों शवों में सड़न शुरू हो चुकी थी। पुलिस का मानना है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
प्रेम प्रसंग या साजिश? पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और उन्होंने साथ मरने का फैसला लिया। वहीं, कुछ लोग इसे किसी साजिश का नतीजा बता रहे हैं।
फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर ने बताया, “मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। फिलहाल हर एंगल से जांच की जा रही है।”
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में सन्नाटा
इस हादसे ने पूरे गांव को हिला दिया है। मृतक किशोरी और युवक के परिजन बेसुध होकर रो रहे हैं। ग्रामीणों में भी खामोशी और डर का माहौल है। खेत और आसपास का इलाका फिलहाल पुलिस चौकसी में है।
स्थानीय लोग इस घटना को अब तक का सबसे भयावह दृश्य बता रहे हैं।











