शंभू बॉर्डर-हरियाणा। बुधवार को शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर ड्रोन से आंसू गैस के गोले गिराए हैं। इधर, कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने पांचवें दौर की बातचीत का न्यौता किसानों को दिया है।
इससे पहले पांच साल के अनुबंध की शर्त पर चार और फसलों पर एमएसपी की केंद्र सरकार की पेशकश को ठुकराने के बाद संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले मंगलवार शाम से ही शंभू बार्डर पर हजारों किसान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हर हाल मे घुसने पर आमादा हैं। सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रालियों और कारों का किसानों का मुख्य काफिला पंजाब एवं हरियाणा के शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच की जिद पर अड़ा है। मंगलवार देर रात हेवी ट्रैक्टर और पोकलेन मशीनें लेकर दिल्ली की तरफ जा रहे हजारों किसानों का जत्था पुलिस की नाकाबंदी को देखकर अफसरों और जवानों से भिड़ गया। इस बीच किसानों और पुलिस की हिंसक झड़प भी हो गई। झड़प में एक पुलिस अधीक्षक, एक थानेदार और कई जवान भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें –मीलों में फैले रबड़ फैक्ट्री फील्ड को ही बना डाला लाल मिर्च का डंपिंग ग्राउंड
घायलों में शंभू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमन पाल सिंह विर्क और मोहाली के पुलिस अधीक्षक जगविंदर सिंह चीमा शामिल हैं। दोनों को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा हरियाणा में किसानों को रोकने के लिए शंभू बॉर्डर पर घग्गर नदी के ऊपर बने पुल पर सीमेंट के गार्डर और कटीले तारों से बेरिकेडिंग की गई थी। उसे तोड़ने के लिए किसान अपने साथ जेसीबी एवं हाइड्रोलिक क्रेन तथा बुलेट प्रूफ पोकलेन मशीन साथ में लेकर पहुंचे थे।