बरेली। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा महानगर के मोदी ग्राउंड में चार दिन से चल रहा 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। अंतिम दिन बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया। हरिद्वार से आए टोली नायक ने कहा कि हम आचरण, व्यवहार बदल लें तो देश पुन: परम वैभवशाली बनेगा।

यज्ञवेदियों पर बैठे साधक जोड़ों को संबोधित करते हुए शांतिकुंज हरिद्वार से आए टोली नायक श्रीनिवास तिवारी ने कहा कि शांतिकुंज, गायत्री परिवार और इनके संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का मुख्य उद्देश्य मनुष्यों में देवत्व का उदय एवं धरती पर स्वर्ग का अवतरण कराना है। इसी के तहत देश भर में यज्ञ श्रृंखलाएं आयोजित की जा रही हैं। मुंबई में अश्वमेघ यज्ञ हो रहा है। बरेली में भी इस कार्यक्रम में चारों दिन बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया है। उन्होंने कहा कि अपना पूरा भारत इन दिनों राममय हो चुका है। रामराज्य की स्थापना की भूमिका बन चुकी है। हम सबको अपना आचरण और व्यवहार बदलने की आवश्यकता है | यदि हमारा व्यक्तित्व और चरित्र बदल जाएगा तो अब देश को पुन: परम वैभव तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता।
ये भी पढ़ें–एसएसपी ऑफिस में पुलिस कर्मियों को खिलाई गई दवाई, जानिये वजह
कार्यक्रम में पूर्णाहुति से पूर्व कई लोगों ने अपने और बच्चों के दीक्षा, मुंडन, विद्यारम्भ, पुंसवन और यज्ञोपवीत आदि संस्कार भी कराये। कार्यक्रम के अंत में टोली को भावुक गीत के साथ विदाई दी गयी। टोली के पुरोहितों का आयोजकों ने उत्तरीय उढ़ाकर, फूलमालाएं पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंटकर अभिनंदन-सम्मान किया। यज्ञ के संयोजक बलवीर सिंह, गायत्री परिवार के जिला समन्वयक दिनेश पांडेय, महानगर समन्वयक डॉक्टर दीपमाला शर्मा, राजेश गंगवार, शिवेंद्र भदोरिया, उमाकांत शर्मा,अमर सिंह परमार, संजीव कुमार अवस्थी, प्रदीप गंगवार आदि प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग किया।