" लोकतंत्र टुडे "

महिला की हत्या कर पुआल में जलाया शव, मचा हड़कंप

Picture of Sanjeev Sharma

Sanjeev Sharma

FOLLOW US:

बरेली। शाही गांव में महिला की हत्या कर शव पुआल में जला दिया गया। रविवार सुबह शव जलता देख गांव में सनसनी फैल गई। पति ने प्रेम प्रसंग में पत्नी की हत्या का आरोप लगाया। वहीं मृतका के मायके वालों ने पति पर ही हत्या का शक जताया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।


शाही थाना क्षेत्र के गांव खेऊ की गौटिया निवासी नेपाल सिंह ने पुलिस को बताया शनिवार देर रात जब उसकी आंख खुली तो पत्नी भीमवती (30) घर पर नहीं थी, बच्चे सो रहे थे। उसने घर और आसपास तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह गांव के लोगों से गांव के बाहर पुआल में महिला की शव जलने की सूचना दी। मौके पर पति ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। ग्रामीणों ने पुआल से अधजले शव को बाहर निकाला और थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा, सीओ मीरगंज दीपशिखा पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गईं।


पुलिस ने अधजले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मृतका के पति से पूछताछ की। पति ने गांव के ही एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने पति पर ही हत्या का आरोप लगाया। मृतका भीमवती के भाई हिम्मतराम ने रिपोर्ट कराई कि भाईदूज पर बहन मायके गई थी। शुक्रवार को वह ससुराल लौट आई। बहनोई नेपाल सिंह उनकी बहन पर शक करता था। शनिवार रात उसे पीटा था। उन्हें लगता है कि बहनोई ने ही भीमवती की हत्या कर उसका शव जलाया होगा। वह इस घटना को मोड़ देकर किसी अन्य को फंसाने के चक्कर में है।

पुलिस नेपाल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं नेपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के गांव के ही युवक से तीन साल से संबंध थे। युवक ने उसकी पत्नी को 16 मोबाइल फोन दिए, जिन्हें वह तोड़ चुका था। इसलिए उसका पत्नी से विवाद रहता था। शनिवार रात किसी समय वह घर से चली गई थी। महिला के चार बच्चे हैं। एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि घर से 400 मीटर दूर अधजला शव मिला है। मृतका के मायके वाले हत्या का आरोप लगा रहे है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Sanjeev Sharma
Author: Sanjeev Sharma

Leave a Comment

और पढ़ें